मुख्यमंत्री की आत्मनिर्भर पहाड़ नीति और विभागीय सहयोग से उभरती सफलता

मुख्यमंत्री की आत्मनिर्भर पहाड़ नीति और विभागीय सहयोग से उभरती सफलता


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल जिले के ग्राम केवर्स के युवा यशवंत कुमार पहाड़ में स्वावलंबन की एक प्रभावी मिसाल बनकर सामने आए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आत्मनिर्भर पर्वतीय विकास नीति के अंतर्गत मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने से उन्हें सीधा लाभ मिला है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने व्यवस्थित प्रयासों से उल्लेखनीय प्रगति हासिल की।
मत्स्य विभाग की योजना के तहत यशवंत ने लगभग 15,000 रुपए का मछली बीज अपने फार्म में डाला। 13 मीटर लंबे, 7 मीटर चौड़े और 1.5 मीटर गहरे तालाब के निर्माण के लिए विभाग ने 1,31,000 की सहायता प्रदान की। यह सहयोग उनके लिए प्रारंभिक पूंजी का मजबूत आधार बना। पिछले वर्ष उन्होंने 2.25 क्विंटल मछली उत्पादन कर लगभग 35,000 का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जो पहाड़ी भूगोल और सीमित कृषि भूमि के बीच उपलब्ध अवसरों का व्यावहारिक उदाहरण है। उन्होंने 2022-23 में पहला फिशटैंक बनाया था और वर्तमान में तीन नस्लों के लगभग 1500 सीड का पालन कर रहे हैं। साथ ही मछली भंडारण की सुविधा विकसित करने से उनके उत्पादन की गुणवत्ता व विपणन क्षमता और मजबूत हुई है। मत्स्य पालन के समानांतर यशवंत अपनी 1.5 नाली भूमि में सब्ज़ी उत्पादन भी करते हैं। 2018 में लगाए गए पॉलीहाउस ने उनकी आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की है। जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा के अनुसार मुख्यमंत्री की नीति और विभागीय योजनाओं के सरल क्रियान्वयन से पर्वतीय क्षेत्रों में मत्स्य पालन एक मजबूत आजीविका विकल्प बन रहा है। यशवंत जैसे युवा इस परिवर्तन के सशक्त उदाहरण हैं, और विभाग उन्हें आवश्यकता अनुसार तकनीकी व वित्तीय सहयोग उपलब्ध करा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *