गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से जगह-जगह लगा जाम, फंसी रहीं एंबुलेंस, लोग रहे परेशान

गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से जगह-जगह लगा जाम, फंसी रहीं एंबुलेंस, लोग रहे परेशान


देहरादून/हरिद्वार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान देहरादून और ऋषिकेश मार्ग पर कई स्थानों पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था के चलते कई सड़कों पर यातायात रोक दिए जाने से वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जाम के कारण कई स्थानों पर एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हुई। स्थानीय लोगों का कहना था कि वीआईपी मूवमेंट के चलते आम जनता की परेशानियों की अनदेखी की गई। लोगों ने बताया कि वे लंबे समय तक सड़क पर फंसे रहे और उन्हें कहीं से कोई राहत नहीं मिली।
दूधाधारी फ्लाईओवर पर करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात धीरे-धीरे रेंगता रहा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों लग गए। जाम के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


रायवाला क्षेत्र में भी स्थिति कुछ ऐसी ही रही। यहां भी यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। स्थानीय व्यापारियों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में वीआईपी दौरों के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित किया जाए ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
लोगों का कहना था कि जहां एक ओर बड़े-बड़े कार्यक्रमों में विकास के वादे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर वीआईपी मूवमेंट के कारण आम जनता को जाम जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ऐसी व्यवस्थाएं बनाई जाएं जिससे आम लोगों की परेशानी कम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *