मिलावटखोरों के विरुद्ध प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान: डॉ. धन सिंह

देहरादून। प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए 15 दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल बैठक में स्वास्थ्य विभाग और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएं। चारधाम यात्रा को देखते हुए प्रमुख यात्रा पड़ावों के बाजारों और कस्बों में व्यापारियों के साथ जनजागरूकता गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी।
मंत्री ने यात्रा मार्गों पर खाद्य सुरक्षा से जुड़े होर्डिंग लगाने, प्रतिष्ठानों पर खाद्य जानकारी व टोल फ्री नंबर प्रदर्शित करने तथा फूड सेफ्टी ऑन व्हील मोबाइल वैन से खाद्य पदार्थों की जांच कराने के निर्देश दिए। साप्ताहिक बाजार, हाट और मेलों में भी विशेष निरीक्षण किया जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।