सहकारिता के जरिये ग्रामीण विकास पर अहम फोकसरू डॉ. धन सिंह

देहरादून/गुजरात। गुजरात में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित सहकारिता मंत्रियों की मंथन बैठक में उत्तराखंड सरकार की नवाचारी योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
बैठक में मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना, मिलेट्स मिशन योजना तथा दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना को मॉडल के रूप में अपनाने पर विचार किया गया, ताकि किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने और ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिल सके। प्रदेश के सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि सहकार से समृद्धि के लक्ष्य के तहत उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र में प्रभावी कार्य किया जा रहा है। दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत सहकारी बैंकों से अब तक 11.71 लाख किसानों व 6597 अन्य लाभार्थियों को 7284.76 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरित किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के तहत 28,605 लाभार्थियों को रियायती दर पर साइलेज उपलब्ध कराया गया, जिससे एमपैक्स को 161.07 लाख रुपये का लाभ हुआ। वहीं मिलेट्स मिशन योजना के अंतर्गत 2023-24 से 2025-26 तक 11,153 किसानों से 53,860 क्विंटल मोटा अनाज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा गया।