दून पुलिस का ऑपरेशन प्रहार जारी, महिला नशा तस्कर गिरफ्तार

दून पुलिस का ऑपरेशन प्रहार जारी, महिला नशा तस्कर गिरफ्तार


देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पटेलनगर पुलिस ने एक महिला को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे अभियान में पुलिस टीम ने ब्रह्मपुरी क्षेत्र से आरोपी सलीना (57) को पकड़ा, जिसके कब्जे से 8.71 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये आंकी गई है।
अभियुक्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत आगे भी सघन कार्रवाई जारी रहेगी।

चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। बालावाला क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना रायपुर में दर्ज मामले में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये की ज्वैलरी और 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पेंट-पुताई का काम करते थे और इसी दौरान बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।


पुलिस व रेस्क्यू टीम ने फंसे चालक को निकाला सुरक्षित

देहरादून। मोहब्बेवाला क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क हादसा हो गया। आशारोड़ी की ओर से आ रहे ट्रक ने यू-टर्न ले रही कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार चालक घायल हो गया। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया और चालक वाहन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस व एसडीआरएफ टीम ने जेसीबी और हाइड्रा की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के कारण बाधित यातायात को पुलिस ने शीघ्र सुचारु कराया।

115 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार

देहरादून। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली डोईवाला पुलिस टीम ने 17 अप्रैल को चेकिंग के दौरान राजीवनगर तिराहे के पास से मोहम्मद साहिल (28) निवासी नियामवाला को 115 ग्राम अवैध चरस के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी सहित अन्य मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *