“ऑपरेशन प्रहार” के साथ दून पुलिस का “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक”, बड़े स्तर पर की कार्रवाई

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने वीकेंड पर “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” चलाते हुए जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान संचालित किया। एसएसपी देहरादून के निर्देशन और एसपी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर और देहात क्षेत्र में पब, बार, होटल और रेस्टोरेंट में औचक छापेमारी की।

अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध गतिविधियों में लिप्त 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें 4 नशा तस्कर, 3 सट्टेबाज और 3 अवैध रूप से हुक्का व शराब परोसने वाले शामिल हैं। साथ ही 10 संदिग्धों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
रायपुर और राजपुर क्षेत्र में बिना लाइसेंस शराब परोसने और देर रात हुक्का पिलाने पर प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया। वहीं विकासनगर और डोईवाला में सट्टा खेलते 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नगदी और सामग्री बरामद की गई।
नशा तस्करी के मामलों में पुलिस ने 14.72 ग्राम स्मैक और 227 टैट्रा पैक अवैध शराब बरामद करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर रहे 7 व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान 1100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जबकि 65 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के आरोप में हिरासत में लेकर चेतावनी दी गई। 100 से अधिक लोगों के पुलिस एक्ट में चालान किए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए 23 शराब पीकर वाहन चलाने वालों को गिरफ्तार कर वाहन सीज किए गए। 63 वाहनों का चालान कर 43,500 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 80 चालान न्यायालय भेजे गए और 7 वाहन सीज किए गए।

राजपुर हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। राजपुर क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी वैभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। इससे पहले पुलिस 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब सभी 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर हत्या की धाराओं में न्यायालय से रिमांड लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।