दून पुलिस ने जिस्मफरोशी के धंधे का किया भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। दून पुलिस ने बिंदाल क्षेत्र में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने गांधी नगर स्थित एक घर में छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
एसएसपी के निर्देश पर जगदीश पंत (क्षेत्राधिकारी मसूरी) के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और थाना कैंट पुलिस की संयुक्त टीम ने 16 मार्च की रात रघुनाथ मंदिर के पास स्थित मकान में छापा मारा। मौके पर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने घर में देह व्यापार संचालित करने के आरोप में रानी देवी, आशीष कुमार पाण्डे और फुलो खान को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रानी देवी अपने घर में आशीष पांडे के साथ मिलकर अनैतिक देह व्यापार चला रही थी। वह बाहरी राज्यों से महिलाओं को काम दिलाने का झांसा देकर देहरादून बुलाती थी और उनकी मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाती थी। आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से महिलाओं की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर रेट और मिलने का समय तय करते थे, जबकि आशीष ग्राहकों तक महिलाओं को पहुंचाने का काम करता था और इसके बदले मोटा कमीशन लेता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस मामले में थाना कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रेस्क्यू की गई महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक एएचटीयू प्रदीप पंत, चौकी प्रभारी बिंदाल विनयता चौहान समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।