दून मेडिकल कॉलेज बनेगा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की मॉडल फैसिलिटी

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) की मॉडल फैसिलिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण और कॉलेज प्रशासन की संयुक्त बैठक में आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में एबीडीएम प्रबंधक प्रज्ञा पालीवाल ने बताया कि मरीजों को कतारों से मुक्ति दिलाने के लिए स्कैन एंड शेयर व स्कैन एंड पे व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके लिए अस्पताल में क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण हेतु अलग काउंटर बनाया जाएगा तथा परिसर में जागरूकता गतिविधियां संचालित होंगी। डिजिटाइजेशन में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए एबीडीएम द्वारा कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही सभी डॉक्टरों व नर्सों की एचपीआर अनिवार्य रूप से बनाई जाएगी। फार्मेसी व प्रयोगशालाओं का भी एबीडीएम में पंजीकरण कराया जाएगा, ताकि आभा के माध्यम से मरीजों को सुगम व पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।