जिलाधिकारी ने की ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा, दिए निर्देश

टिहरी। टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी भी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मलेथा-नैथाणा डंपिंग यार्ड के भूमि मुआवजा प्रकरणों, नैथाणा मोटर मार्ग तथा मलेथा रेलवे स्टेशन पर वीर शिरोमणि माधौ सिंह भंडारी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर को मुआवजा मामलों का पारदर्शी सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में नैथाणा सड़क निर्माण, पुलों की व्यवस्था, प्रकाश व पानी के छिड़काव सहित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों व निर्माण कंपनियों को आमजन के हित में पारदर्शी व समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।