जिलाधिकारी ने सुनी जनता की समस्याएं, शिकायतों का हुआ निस्तारण

पौड़ी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चाकीसैंण तहसील दिवस का आयोजन राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास, पैठाणी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में किया गया। तहसील दिवस में कुल 68 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, पशुपालन, कृषि व सामाजिक कल्याण से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है।

लक्सर तहसील दिवस में प्रशासन सख्त
हरिद्वार। लक्सर तहसील परिसर में आयोजित तहसील दिवस में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि, नालों और खेतों के रास्तों पर अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तहसील दिवस में 65 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने लेखपालों को चेतावनी दी कि उनके क्षेत्र में अवैध कब्जा मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। अनुपस्थित अधिकारियों और लापरवाह व्यवस्था पर भी वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की सख्ती से महकमे में हड़कंप मच गया।