जिलाधिकारी ने किया हर्षिल क्षेत्र में हाल में बनी अस्थाई झील का निरीक्षण

जिलाधिकारी ने किया हर्षिल क्षेत्र में हाल में बनी अस्थाई झील का निरीक्षण

DESK THE CITY NEWS

 

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गुरुवार को हर्षिल क्षेत्र में हाल ही में बनी अस्थायी झील का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। यह झील धराली-हर्षिल क्षेत्र में हाल की आपदा के कारण हर्षिल तीलगाड़ में भारी मलबा आने से बनी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि झील के मुहाने से वर्तमान में जल का प्रवाह सुचारू रूप से हो रहा है, जिससे तात्कालिक रूप से किसी बड़े खतरे की आशंका नहीं है। हालांकि नदी के किनारे में बहाव को अवरोध उत्पन्न कर रहे मलबे को हटाने की दिशा में युद्धस्तर पर मैनुअल रूप से कार्य किया जा रहा है। दलदल युक्त स्थल होने के कारण भारी मशीनों की तैनाती संभव नहीं हो पा रही है, जिसके चलते प्रशासन द्वारा स्थानीय संसाधनों और श्रमिकों की सहायता से सतत सफाई कार्य किया जा रहा है।


प्रभावित क्षेत्र के किसानों से फल और सब्जियों को खरीदने की पहल शुरू

उत्तरकाशी। धराली हर्षिल के आसपास के प्रभावित क्षेत्रों के किसानों से फल और सब्जियां को खरीदने की पहल शुरू की गई है। जिसका उद्देश्य प्रभावित क्षेत्र के किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाना और उनको आर्थिक नुकसान से उबारना है। उद्यान विभाग द्वारा खरीदी गई सब्जियों का इस्तेमाल आपदा प्रभावित क्षेत्र में चलाए जा रहे राहत शिविरों व एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सम्बंधित एजेंसियों द्वारा चलाए जा रहे सामुदायिक किचेन में किया जाएगा। इस दौरान उद्यान विभाग द्वारा धराली गांव के 21 किसानों से कुल रुपए 37080 की सब्जियां खरीदकर राहत शिविरों के सामुदायिक किचेन के लिए भेजी गई जिसमे 40 रू प्रति किलो की दर से 309 किलो पत्ता गोभी, 50 रू प्रति किलो की दर से 304 किलो फूल गोभी तथा 40 रू प्रति किलो की दर से 238 किलो कद्दू खरीदे गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *