जिलाधिकारी ने किया सतपुली-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गड्ढामुक्त सड़क अभियान के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सतपुली-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क मरम्मत कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। पौड़ी से बुआखाल के बीच कार्य पूरा पाया गया, जबकि आगे का कार्य अधूरा मिला। इस पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता राजबीर सिंह को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कार्य की फोटोग्राफिक रिपोर्ट तैयार कर जिला कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा और चेतावनी दी कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। निरीक्षण में विभागीय अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।