जिलाधिकारी ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू बैंड का किया निरीक्षण
उत्तरकाशी। लगातार हो रही भारी वर्षा से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग धरासू बैंड के पास दरकने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और बीआरओ को तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बीआरओ व पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि प्रभावित स्थान पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और स्थानीय लोगों का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित रखा जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून में भारी वर्षा के कारण यमुनोत्री व गंगोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं, जिससे नेशनल हाइवे बार-बार बाधित हो रहा है। वर्तमान में धरासू के पास अवरुद्ध मार्ग को सुचारू कर दिया गया है।