जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रुद्रनाथ महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग के पौराणिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक रुद्रनाथ महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ जिलाधिकारी प्रतीक जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। शुभारंभ अवसर पर नगर क्षेत्र में आयोजित भव्य सांस्कृतिक रैली आकर्षण का केंद्र रही। रैली पेट्रोल पंप तिराहा से प्रारंभ होकर गुलाबराय मैदान तक निकाली गई, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं, महिला एवं युवा मंगल दल, स्थानीय कलाकार तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। ढोल-दमाऊ, रणसिंगा और मसकबीन जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर प्रस्तुत सांस्कृतिक झांकियों में भगवान शिव के रुद्र अवतार सहित जनपद की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का सजीव चित्रण किया गया। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि रुद्रनाथ महोत्सव 13 जनवरी 2026 तक गुलाबराय मैदान में शीतकालीन महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा और बर्फबारी के कारण बढ़ रहे पर्यटकों को जनपद की लोक संस्कृति, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व से जोड़ने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया गया है। महोत्सव में विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।