जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में सोमवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में गंदगी, फाइलों के अव्यवस्थित रखरखाव और उपस्थिति पंजिका में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन एआरटीओ भवन और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का भी निरीक्षण किया, जहां कार्य पूरी तरह बंद मिला। करोड़ों की लागत से बन रहे प्रोजेक्ट में शिथिलता पर डीएम ने रिपोर्ट तलब की और कार्य तत्काल शुरू न होने पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी। साथ ही निर्माण गुणवत्ता की थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम नागरिकों से संवाद कर शुल्क की जानकारी ली और अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। चालान भुगतान से जुड़ी समस्या का मौके पर ही समाधान कराया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एआरटीओ कार्यालय में पारदर्शिता और गुणवत्ता अनिवार्य है, लापरवाही पर कठोर कार्रवाई होगी।