महिलाओं, बुजुर्गों व असहायों के शोषण पर जिला प्रशासन का सख्त एक्शन
देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं असहायों के शोषण के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने आईआईएफएल बैंक से दो लाख रुपये की राजस्व वसूली कर पीड़ित विधवा को न्याय दिलाया।
नवाबगढ़ निवासी विधवा ज्योति ने शिकायत की थी कि उनके पति द्वारा लिए गए बीमित गृह ऋण की राशि बीमा कंपनी द्वारा बैंक को भुगतान किए जाने के बावजूद बैंक द्वारा उन्हें परेशान किया जा रहा था। जांच में आरोप सही पाए गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर बैंक से शेष धनराशि की वसूली कराई गई तथा नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने और भूमि के मूल अभिलेख लौटाने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिलाओं व असहायों के उत्पीड़न पर किसी भी स्तर पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।