डीआईसीसी मॉड्यूल्स है प्रशासनिक कार्यप्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और अधिक प्रभावी बनाना

देहरादून। डिजिटल शासन को सशक्त बनाने की दिशा में देहरादून में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी/जिलाधिकारी सविन बंसल के दिशा-निर्देशन में देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा दून इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (डीआईसीसी) “सदैव दून” के अंतर्गत विकसित सॉफ्टवेयर मॉड्यूल्स एवं स्मार्ट समाधानों के प्रभावी उपयोग हेतु परेड ग्राउंड स्थित दून लाइब्रेरी सभागार में एक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी तीर्थपाल सिंह ने की। उन्होंने कहा कि डीआईसीसी का उद्देश्य केवल तकनीक स्थापित करना नहीं, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली को पारदर्शी, जवाबदेह और अधिक प्रभावी बनाना है। कोविड काल से लेकर वर्तमान तक यह प्रणाली अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सेवाओं में उपयोगी सिद्ध हुई है।
कार्यशाला में ई-गवर्नेंस, जीआईएस, डॉक्यूमेंट मैनेजमेंट सिस्टम, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सहित विभिन्न मॉड्यूल्स की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को लॉगिन प्रक्रिया, डाटा एंट्री, रिपोर्ट जनरेशन और विभागीय समन्वय पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। 15 मार्च 2022 से लाइव यह परियोजना सिटी पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ, जीएसटी व अन्य विभागों द्वारा उपयोग में लाई जा रही है। कार्यशाला का उद्देश्य विभागों के बीच समन्वय बढ़ाकर डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम लाभ नागरिकों तक पहुंचाना रहा।