हरिद्वार में कांग्रेस का वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान शुरू

हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार द्वारा ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत शिवमूर्ति, रेलवे स्टेशन के निकट की गई। इस अवसर पर जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग एवं स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग के गठजोड़ को उजागर कर दिया है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज दूसरे चरण में जनता से हस्ताक्षर कर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के संदेश को मजबूत किया गया।
पूर्व विधायक रामयश सिंह एवं वरिष्ठ नेता मनोज सैनी ने कहा कि चुनाव आयोग को जनता को यह भरोसा दिलाना चाहिए कि आगामी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी होंगे। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा एवं महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्वायत्तशासी संस्थाओं को कमजोर कर लोकतंत्र को खतरे में डाल रही है। इस मौके पर पार्षद हिमांशु गुप्ता, विवेक भूषण विक्की, ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, पार्षद प्रतिनिधि पुनीत कुमार, जिला उपाध्यक्ष रचना शर्मा, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू द्विवेदी, शशि झा, उपाध्यक्ष मंजू गोस्वामी आदि उपस्थित थे।