कानून व्यवस्था व जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, लोक भवन कूच, पुलिस से धक्का-मुक्की

कानून व्यवस्था व जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, लोक भवन कूच, पुलिस से धक्का-मुक्की

देहरादून। उत्तराखंड में कानून व्यवस्था, महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज पूरी तरह अटैकिंग मोड में नजर आई। हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता राजधानी की सड़कों पर उतरे और लोक भवन कूच किया। गढ़ी कैंट क्षेत्र के हाथीबड़कला में पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका गया, जहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी के सिर में चोट आने की भी सूचना है।


वरिष्ठ नेताओं की सशक्त मौजूदगी

इस प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता सड़क पर नजर आए। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत स्कूटी पर सवार होकर प्रदर्शन में शामिल हुए। उम्र के इस पड़ाव में भी उनकी आवाज और तेवर पूरी तरह आक्रामक दिखे। उन्होंने कहा कि आज का जनसैलाब प्रदेश में परिवर्तन का आगाज है और जनता बदलाव चाहती है।

एक मंच पर शीर्ष नेतृत्व

लोक भवन कूच के दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेसी नेता हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, हरीश रावत एक साथ नजर आए। कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के मुद्दों के साथ खड़ी रही है, चाहे वह सदन हो या सड़क। आज सड़क पर उतरकर जनता की आवाज बनना समय की मांग है।


भारी भीड़ और बड़े दावे

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आज का विशाल जनसैलाब इस बात का संकेत है कि प्रदेश में निश्चित तौर पर परिवर्तन होगा और भ्रष्टाचार की सरकार को जाना होगा। वहीं हरक सिंह रावत ने दावा किया कि इस प्रदर्शन में 25 हजार से अधिक लोग सड़कों पर उतरे, जो कांग्रेस की ताकत और जनसमर्थन को दर्शाता है।

पुलिस कार्रवाई और नेताओं की प्रतिक्रिया

लोक भवन जाने से पहले पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग कर रोक दिया और बाद में बसों में बैठाकर पुलिस लाइन ले जाया गया। बस में ले जाए जा रहे वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदर्शन को रोका गया है, लेकिन संघर्ष नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि चाहे जेल में डालें या छोड़ दें, कांग्रेस जनता के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।

परिवर्तन का संदेश

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि आज जनता, कांग्रेस और प्रदेश का हर नागरिक एक स्वर में कह रहा है कि उत्तराखंड में परिवर्तन जरूरी है। यह विशाल जनसैलाब उसी परिवर्तन की मुहर है।

सफलता पर कांग्रेस नेताओं ने जताया आभार

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं प्रदेश चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, ध्वस्त कानून व्यवस्था व जंगली जानवरों के हमलों के खिलाफ आयोजित ऐतिहासिक राजभवन घेराव को सफल बनाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *