दिल्ली महारैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने किया मंथन

देहरादून। आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस की कार्यकर्ता बैठक जिला अध्यक्ष संजय किशोर की अध्यक्षता में हेरिटेज वेडिंग प्वाइंट, बाबूगढ़ में संपन्न हुई। चकराता, विकासनगर व सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों से आए हजारों कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लेते हुए रैली में शामिल होने का संकल्प दोहराया।
मुख्य अतिथि चुनाव संचालन समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से रैली में अधिक सहभागिता का आह्वान किया। रैली प्रभारी हरेंद्र शर्मा ने कहा कि उनके क्षेत्र से भारी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। पूर्व विधायक नवप्रभात ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। अभिषेक सिंह ने युवाओं में उत्साह भरते हुए बूथ स्तर पर पहरेदार की भूमिका निभाने की बात कही। बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन शम्मी प्रकाश ने किया।