मुख्यमंत्री की चिकित्सकों को बड़ी सौगात, अब मिलेगा एसडी एसीपी का लाभ

मुख्यमंत्री की चिकित्सकों को बड़ी सौगात, अब मिलेगा एसडी एसीपी का लाभ
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / राहुल गिरी,
देहरादून। उत्तराखंड के चिकित्सकों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्साधिकारियों को एसडी/एसीपी का लाभ प्रदान करने की घोषणा की है। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हमारे डॉक्टर हैं। चाहे ग्रामीण क्षेत्र हों या पर्वतीय इलाकों की कठिन परिस्थितियां, चिकित्सक हर जगह निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसीपी का लाभ मिलने से चिकित्सकों को न केवल आर्थिक मजबूती मिलेगी, बल्कि उनके मनोबल और सेवा भाव में भी वृद्धि होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार हमेशा अपने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ खड़ी है। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि एसीपी का लाभ शासनादेश संख्या 654 (दिनांक 14.07.2016) और शासनादेश संख्या 154 (दिनांक 04.02.2019) के प्रावधानों के अनुसार दिया जाएगा। इसके लिए स्क्रीनिंग कमेटी की संस्तुति के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कुल 196 पदों को इसमें शामिल किया गया है। इनमें लेवल 11 में 70 पद (ग्रेड पे 5400), लेवल 12 में 56 पद (ग्रेड पे 6600), लेवल 13 के अंतर्गत 27 पद (ग्रेड पे 7600) और 43 पद (ग्रेड पे 8700) शामिल हैं।
सरकार के इस निर्णय से बड़ी संख्या में चिकित्साधिकारियों को लाभ मिलेगा। इससे न केवल चिकित्सकों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *