मुख्यमंत्री ने डाला ऐतिहासिक, दूरदर्शी निर्णयों और नीतियों पर प्रकाश

मुख्यमंत्री ने डाला ऐतिहासिक, दूरदर्शी निर्णयों और नीतियों पर प्रकाश


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक समूह द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित कार्यक्रम में “उत्तराखंड संभावनाओं का नया द्वार” विषय पर भाग लिया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णयों, नीति और प्रशासनिक योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता के लागू होने, मदरसा बोर्ड को भंग करने, लैंड जिहाद एवं लव जिहाद जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सरकार की स्पष्ट और सख्त नीतियों को रेखांकित किया।
उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 10,000 एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई और सरकारी भूमि को जनता के लिए उपयोग योग्य बनाया। धर्मांतरण रोधी कानून से सामाजिक संतुलन और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने रोजगार सृजन पर जोर देते हुए कहा कि साढ़े चार वर्षों में 27,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की नीतियां सामाजिक समानता, सांस्कृतिक संरक्षण और दीर्घकालिक विकास पर आधारित हैं। मजबूत कानून व्यवस्था, पारदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व के कारण राज्य निवेश, रोजगार और सामाजिक स्थिरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर दैनिक जागरण के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *