मुख्यमंत्री ने किया ’’जलमभूमि’’ के पोस्टर का विमोचन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में फिल्म ’’“जलमभूमि”’’ के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म के निर्माता-निर्देशक के. राम नेगी सहित पूरी टीम को शुभकामनाएँ एवं बधाई दीं। उल्लेखनीय है कि यह फिल्म आगामी 6 फरवरी को रिलीज होने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ’“जलमभूमि”’ जैसी फिल्में समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं और सिनेमा के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपने प्राकृतिक सौंदर्य, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के कारण फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श राज्य बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में फिल्म नीति को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिसके अंतर्गत सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से त्वरित एवं पारदर्शी अनुमति प्रदान की जा रही है। फिल्म शूटिंग पर सब्सिडी, स्थानीय कलाकारों और युवाओं को रोजगार तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने फिल्म की सफलता की कामना की। इस अवसर पर विधायक दुर्गेश लाल भी उपस्थित रहे।