मुख्यमंत्री ने जनता और जवानों से किया आत्मीय संवाद

मुख्यमंत्री ने जनता और जवानों से किया आत्मीय संवाद

मुनस्यारी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को विकासखंड मुनस्यारी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे, जहां हेलीपैड (राजकीय कन्या इंटर कॉलेज जीजीआईसी) पर जिला अधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। पुलिस बल द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
स्वागत के बीच मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्र की माताओं, बहनों और स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने जनता से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि ’“जनसेवा और सीमाओं की सुरक्षा, यही उत्तराखंड की पहचान है।”’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है और सीमांत क्षेत्रों को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद आईटीबीपी की 14वीं बटालियन, मुनस्यारी पोस्ट का भ्रमण किया। जवानों से मुलाकात कर उन्होंने कहा कि ’“आपके त्याग और समर्पण से ही देश सुरक्षित है।”’ उन्होंने सैनिकों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने कॉलेज के पुराने मित्रों से भी मुलाकात की। आत्मीय माहौल में पुरानी यादें साझा करते हुए उन्होंने मित्रों और उनके परिवारों की कुशलक्षेम पूछी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *