मुख्यमंत्री ने किया दून मेडिकल कॉलेज औचक निरीक्षण, दिए निर्देश

मरीजों से संवाद कर ली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार की स्थिति, सुविधाओं और सुझावों की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ आने वाले तिमारदारों के लिए वेटिंग एरिया में पेयजल, पंखे और बैठने की पर्याप्त सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तिमारदार अस्पताल व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन और रंग-रोगन कार्य तुरंत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण कर सैंपल संग्रहण और परीक्षण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और इसकी कार्यकुशलता की सराहना की। साथ ही उन्होंने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का जायजा लिया। वहां उन्होंने कर्मचारियों से योजना की कार्यप्रणाली, लाभार्थियों को दी जा रही सहायता और कार्ड बनाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और हेल्प डेस्क पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सरल, स्पष्ट और त्वरित जानकारी मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, मरीजों और तिमारदारों को बेहतर सुविधा देने तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समर्पित है। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव बंशीधर तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


पत्रकार मोहन का जाना हालचाल

देहरादून। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दून मेडिकल कॉलेज में भर्ती वरिष्ठ पत्रकार मोहन भुलानी से भेंट की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने भुलानी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अपर सचिव बंशीधर तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, अस्पताल प्रशासन एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *