मुख्यमंत्री ने पोंछे पीड़ितों के आंसू, हर संभव सहायता का दिया आश्वासन

 मुख्यमंत्री ने पोंछे पीड़ितों के आंसू, हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
  
DESK THE CITY NEWS
पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत के साथ पौड़ी जनपद के आपदाग्रस्त क्षेत्र सैंजी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों से उनका हालचाल पूछते हुये क्षति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावितों के आंसू पूछते हुए आश्वस्त किया कि सरकार हर समय उनके साथ हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की कमी न हो। इससे पूर्व उन्होंने हेलीकाप्टर से थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने नौठा में बुराँसी के आपदा प्रभावित और अन्य ग्रामीणों से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने बुराँसी के पांच आपदा प्रभावितों को राहत राशि के चेक दिये। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सैंजी गांव में पैदल ही क्षतिग्रस्त रास्ते से गुजरते हुए आपदा प्रभावित परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात की तथा आपदा से हुई क्षति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोगों ने प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर शरण ली है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित महिलाओं के आंसू पोछते हुए उन्हें ढाँढस बंधाया और कहा कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी खुद को अकेला न समझे और पूरा राज्य पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावितों के पुनर्वास एवं विस्थापन की कार्यवाही त्वरित गति से की जाय। जिलाधिकारी ने बताया कि हर गांव तक प्रशासन की टीम पहुंच रही है और किसी को भी राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

पीड़ितों को प्रदान की आर्थिक सहायता
पौड़ी। आपदा के कारण पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त ग्राम सैंजी के 15 परिवारों/भवन स्वामियों प्रभादेवी, नीलम सिंह भण्डारी, भगत सिंह भण्डारी, पवन सिंह भण्डारी, विमला देवी, शाखा देवी, पवेली देवी, विमल सिंह, दीवान सिंह, रविन्द्र सिंह, जसवन्त सिंह, गोपाल सिंह, मनोज सिंह, कृपाल सिंह व हेमराज सिंह को मुख्यमंत्री द्वारा प्रति/भवन स्वामी 01 लाख 30 हजार रुपये के चेक वितरित कर आर्थिक सहायता प्रदान की गयी। जबकि ग्राम बुरांसी में अपदा के कारण जान गंवाने वाली महिला आशादेवी पत्नी प्रेम सिंह के परिजनों/वारिसों अनिल सिंह व शुभम सिंह तथा विमला देवी पत्नी बलवंत सिंह के परिजनों/वारिसों विक्रम सिंह व दीपक सिंह को 02-02 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी। जबकि बुरांसी गांव के केशर सिंह पुत्र अमर सिंह के आवासीय भवन पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त होने पर 1 लाख 30 हजार रुपये आर्थिक सहायता चेक के माध्यम से प्रदान की गयी।

पापड़गाड भटवाड़ी मार्ग सुचारू    
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी व हर्षिल, धराली के मध्य अवरुद्ध गंगोत्री हाईवे को सुचारु करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। पापड़गाड़, भटवाड़ी के पास भू-धंसाव से करीब 200-250 मीटर वॉश आउट हुये मार्ग को सुचारु कर दिया गया है। गंगनानी (लिम्चा गाड़) के समीप पुल बहने से अवरुद्ध हाईवे को सुचारु करने का कार्य तेजी से चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *