मुख्यमंत्री ने प्रदान की बद्रीनाथ-केदारनाथ हैलीपैड विस्तार की स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने प्रदान की बद्रीनाथ-केदारनाथ हैलीपैड विस्तार की स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ में विकासखण्ड ज्योर्तिमठ के अंतर्गत श्री बद्रीनाथ धाम में यूकाडा द्वारा संचालित स्थाई हैलीपैड के प्लेटफार्म विस्तार और एप्रोच रोड के सुधार कार्यों के लिए 1.74 करोड़ रुपये तथा श्री केदारनाथ धाम में जीएमवीएन के समीप स्थित हैलीपैड के सुरक्षात्मक कार्य हेतु 39.40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। कुल स्वीकृत राशि 2.13 करोड़ रुपये है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने नन्दा राजजात यात्रा-2026 के विभिन्न पड़ावों में पार्किंग और विश्राम गृह निर्माण हेतु 4.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इसमें विकासखण्ड थराली, देवाल, कर्णप्रयाग और नारायणबगड़ के स्कूल और कॉलेज परिसरों में चौपहिया और दुपहिया वाहनों के लिए स्थाई व अस्थाई पार्किंग निर्माण शामिल हैं। ग्राम कनोल, ग्राम आला और ग्राम रामणी मुख्य पड़ावों में भी पार्किंग निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत की गई।
मुख्यमंत्री ने जनपद ऊधम सिंह नगर में राजकीय आश्रम पद्धति उ.मा. विद्यालय बिडौरा एवं बालिका उ.मा. विद्यालय खटीमा के विभिन्न मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों के लिए 2.03 करोड़ रुपये की धनराशि भी मंजूर की। इसमें बाउंड्री वाल निर्माण, छात्रावास, आवासीय और शिक्षण भवन के सुधार कार्य शामिल हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री ने यमकेश्वर में नोडखाल-मालाकोट मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महिताब सिंह के नाम पर करने का अनुमोदन किया। यह निर्णय स्थानीय मार्गों और स्मृति स्थलों के महत्व को संरक्षित करने तथा स्वतंत्रता संग्राम की स्मृति को सशक्त बनाए रखने की दिशा में लिया गया है।
इन स्वीकृतियों से धार्मिक स्थलों की सुविधा, ग्रामीण सड़कों और यातायात संरचना का सुधार, शिक्षा संस्थानों का विकास और स्थानीय नागरिकों के लिए सुगम परिवहन सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन और समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *