मुख्यमंत्री व राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी हरेला पर्व की शुभकामनाएं
DESK THE CITY NEWS
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामना दी है। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रदर्शित करने के साथ लोक संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश देता है। हरेला पर्व को सुख, समृद्धि एवं सौहार्द का प्रतीक बताते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमें अपनी परम्पराओं से जुड़े रहने का भी संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला पर्व हमें अपनी धरती और पर्यावरण की देखभाल के प्रति भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध और स्वस्थ वातावरण देने के लिए पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
हरेला पर्व पर राज्यपाल ने दी हार्दिक शुभकामनाएं
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रदेश की जनता को हरेला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखण्ड की परंपरा, संस्कृति और प्रकृति प्रेम का प्रतीक पर्व है, जो हमें हरियाली से जुड़ने और पर्यावरण की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने कहा कि हरेला हमारे जीवन में हरियाली, समृद्धि और शांति लाने वाला पर्व है। यह हमें पेड़-पौधों, जल, जमीन और पर्यावरण से जुड़ने का अवसर देता है। हम सभी को मिलकर इस परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है, ऐसे समय में हरेला पर्व हमें एकजुट होकर प्रकृति की रक्षा करने का संदेश देता है।