मुख्य विकास अधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं पर सख्ती के दिए निर्देश

पौड़ी। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर बृहस्पतिवार को एनआईसी कक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। सहायक परिवहन अधिकारी और पुलिस विभाग को ओवरलोडिंग व तेज रफ्तार पर विशेष निगरानी रखने तथा वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन संचालन और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सड़क से जुड़े विभागों को मलबा हटाने और स्लाइडिंग जोनों में शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा गया। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डॉ. अभिषेक गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।