चारधाम यात्रा-2026: पुलिस तैयारियों का व्यापक निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

चमोली। आगामी चारधाम यात्रा-2026 के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन के लिए चमोली पुलिस तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा यात्रा मार्ग पर स्थित प्रमुख चौकियों एवं थाना क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीपलकोटी, हेलंग, पाखी, टंगडी, मारवाड़ी, पांडुकेश्वर, लामबगड़, हनुमानचट्टी तथा थाना श्री बद्रीनाथ का दौरा कर ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए आवास, पेयजल, विद्युत, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहनता से परीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी जांची गई, जिसमें मारवाड़ी चौकी के दो कैमरे खराब पाए गए, जिन्हें शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए गए। वहीं लामबगड़ चौकी में बिजली व जनरेटर संबंधी कमियां सुधारने को कहा गया। टंगणी चौकी के पास पागलनाला के प्रभाव को देखते हुए समय पर चौकी स्थापित करने के निर्देश दिए गए। थाना श्री बद्रीनाथ में हालिया बर्फबारी से हुए नुकसान का जायजा लेकर मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। माणा क्षेत्र में मास्टर प्लान कार्यों की प्रगति भी परखी गई। अधिकारियों को हर स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।

चारधाम यात्रा-2026 को लेकर तैयारियां तेज, एसपी चमोली ने किया कोतवाली निरीक्षण
चमोली। आगामी चारधाम यात्रा-2026 के सफल संचालन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने 30 मार्च को कोतवाली चमोली का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सलामी गार्द द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक सलामी दी गई।
एसपी ने कोतवाली परिसर, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, भोजनालय और बैरकों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। बैरकों में टूटी विद्युत लाइनों को शीघ्र ठीक कराने को कहा गया। शस्त्रों के रख-रखाव की समीक्षा करते हुए कार्मिकों से हैंडलिंग कराई गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हेड कांस्टेबल विद्या चरण को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई। आपदा प्रबंधन उपकरणों, क्राइम किट और सीसीटीएनएस कार्यों की भी जांच कर आवश्यक निर्देश दिए गए। महिला हेल्प डेस्क को आगंतुकों के साथ सौम्य व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। कार्मिक सम्मेलन में एसपी ने चारधाम यात्रा को लेकर सतर्क रहने, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।