आगामी विधानसभा सत्र, विंटर नेशनल गेम्स व महाशिवरात्रि को लेकर चमोली पुलिस अलर्ट

चमोली। जनपद चमोली में आगामी विधानसभा बजट सत्र, महाशिवरात्रि पर्व तथा औली में प्रस्तावित विंटर नेशनल गेम्स व कार्निवल को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु चमोली पुलिस अलर्ट मोड पर है।
इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पुलिस बल की तैनाती और विभागीय समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई। महाशिवरात्रि पर प्रमुख शिवालयों में संभावित भीड़ को देखते हुए सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए। औली व ज्योतिर्मठ क्षेत्र में विंटर नेशनल गेम्स के दौरान यातायात, पार्किंग और बर्फ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए बीआरओ से समन्वय के निर्देश दिए गए। साथ ही भराड़ीसैंण गैरसैंण में विधानसभा सत्र के लिए सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।