मुख्यमंत्री से हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष ने की भेंट

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को सचिवालय में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने हेमकुंट साहिब यात्रा व्यवस्थाओं में राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और समय-समय पर दिए निर्देशों से इस वर्ष हेमकुंट साहिब यात्रा सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकी।
नरेंद्र सिंह जीत बिंद्रा ने बताया कि प्रतिकूल मौसम और पर्वतीय चुनौतियों के बावजूद इस वर्ष भारत और विश्वभर से रिकॉर्ड 2,75,000 श्रद्धालु यात्रा में सम्मिलित हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, आवागमन और समन्वय के लिए की गई प्रभावी व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने आगामी यात्राओं के लिए आधारभूत संरचना, लॉजिस्टिक्स और आपदा प्रबंधन को और बेहतर बनाने संबंधी सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास दिलाया कि हेमकुंट साहिब यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के साथ किए जाएंगे।