भाजपा स्थापना दिवस पर किया सेवाभाव के साथ कार्य करने का आह्वान

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक ध्वजारोहण, संगोष्ठियों और विभिन्न कार्यक्रमों की धूम रही।
जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष सुषमा रावत ने की। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए भाजपा के विकास और उपलब्धियों की जानकारी दी तथा प्रशिक्षण महाअभियान की सफलता पर कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

धूमधाम से मनाया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस
रुड़की। ढंडेरा मंडल के गंगा इन्क्लेव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में भाजपा का 47वां स्थापना दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई। मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री डॉ. रामपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस “राष्ट्र प्रथम” की विचारधारा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1980 में शुरू हुई भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जो कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है। कार्यक्रम में सुमन रौतेला और राजपाल कश्यप को आयोगों में सदस्य नामित होने पर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष विकास पाल, सुबोध शर्मा, किरण सिंह, संजय सैनी, रेखा नेगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा स्थापना दिवस पर किया ध्वजारोहण
रुड़की। भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर जिला कार्यालय रुड़की में धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधिवत ध्वजारोहण कर पार्टी की विचारधारा और राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसका आधार कार्यकर्ताओं का समर्पण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं और संगठन को मजबूत करें।

वरिष्ठ नेता राजकुमार अरोड़ा सम्मानित
हरिद्वार। भाजपा के 47वें स्थापना दिवस पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता राजकुमार अरोड़ा को उनके आवास पर माल्यार्पण कर सम्मानित किया और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों पर चलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय के मार्ग पर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन बन चुकी है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष तुशांक भट्ट, विकास तिवारी, गौरव वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।