कैबिनेट मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
लैंसडाउन-पौड़ी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने लैंसडाउन स्थित गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर में आगामी 5 अक्टूबर को प्रस्तावित शहीद सैनिक सम्मान समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने हिमालय दिवस पर छावनी क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री ने बताया कि 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक दूसरे चरण की शहीद सम्मान यात्रा आयोजित होगी, जिसमें शेष 71 बलिदानियों के आंगन की मिट्टी सैन्यधाम लाई जाएगी। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे और शहीद परिवारों को ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, सीडीओ गिरीश गुणवंत, एसडीएम शालिनी मौर्या सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।