केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मिले कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

नई दिल्ली/देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुजरात दौरे से लौटते हुए नई दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. रावत ने केन्द्रीय मंत्री को बताया कि राज्य सरकार द्वारा केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम में आधुनिक चिकित्सा इकाइयां स्थापित की गई हैं, जिनका शुभारम्भ आगामी यात्रा सीजन में किया जाएगा। यात्रा मार्गों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ चिकित्सकों का एक पूल भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें एम्स ऋषिकेश, राज्य मेडिकल कॉलेजों तथा देश के अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 सेवा, एडवांस लाइफ सपोर्ट एवं कार्डिक एम्बुलेंस की त्रिस्तरीय व्यवस्था रहेगी। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त बजट की मांग भी रखी गई, जिस पर केन्द्रीय मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया। इस अवसर पर डॉ. रावत ने उन्हें चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।