एआई सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद में भाजपा ने निकाला विरोध मार्च

एआई सम्मेलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद में भाजपा ने निकाला विरोध मार्च


देहरादून। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 16 से 21 फरवरी तक आयोजित एआई सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सम्मेलन के अंतिम चरण में हुए इस प्रदर्शन में कुछ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के खिलाफ आपत्ति जताई, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया।
इस घटना के विरोध में देहरादून में भाजपा महानगर इकाई द्वारा घंटाघर से पलटन बाजार होते हुए दर्शनी गेट तक विरोध मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि वैश्विक तकनीकी मंच पर इस प्रकार का राजनीतिक व्यवधान देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तकनीकी क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहा है और ऐसे आयोजनों में अराजकता को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं व्यापारी वर्ग के लोग भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *