नयार घाटी साहसिक महोत्सव में बिलखेत बनेगा साहसिक गतिविधियों का केंद्र

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन में नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में साहसिक गतिविधियों के पंजीकरण, व्यवस्थाओं तथा प्रतिभागियों के ठहराव, परिवहन, उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण सहित अन्य सुविधाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 26 से 28 फरवरी तक बिलखेत में तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल आयोजित होगा। महोत्सव में पैराग्लाइडिंग, क्याकिंग, माउंटेन बाइकिंग, साइक्लिंग एवं एंग्लिंग जैसी गतिविधियां होंगी। यह आयोजन जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
महोत्सव के अंतर्गत लैंसडाउन, बिलखेत और खिर्सू क्षेत्रों में विभिन्न साहसिक प्रतियोगिताओं के साथ स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।