बिछना देवी ने कम पानी में अधिक उत्पादन कर दिखाई मिसाल
रूद्रप्रयाग। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों के तहत ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से बिछना देवी, शेयरधारक एवं सदस्य, उदान सी.एल.एफ. मनसूना ने सूक्ष्म सिंचाई तकनीक अपनाकर सफलता की नई मिसाल पेश की है। सूक्ष्म सिंचाई तकनीक पौधों की जड़ों तक सीमित पानी पहुंचाती है और इसे जल-संरक्षण तथा जलवायु-स्मार्ट कृषि का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
वर्ष 2023 में बिछना देवी को व्यक्तिगत उद्यम-सूक्ष्म सिंचाई गतिविधि के लिए चयनित किया गया। इस उद्यम की कुल लागत 50,500 रही, जिसमें 25,250 बैंक ऋण, 10,250 उनका व्यक्तिगत अंशदान और 15,000 सहायता के रूप में प्राप्त हुए। उन्होंने सब्जियों का उत्पादन प्रारंभ किया और अब मनसूना एवं उखीमठ के बाजारों में अपनी सब्जियां बेच रही हैं। इससे उन्हें वार्षिक 70,000 से 80,000 और मासिक 6,000 से 7,000 तक की आय हो रही है। बिछना देवी की सफलता से क्षेत्र की अन्य महिलाएं भी सूक्ष्म सिंचाई अपनाने के लिए प्रेरित हो रही हैं। वे अब कृषि उत्पादों का मूल्यवर्धन करने और स्थानीय रोजगार सृजन हेतु अचार, पापड़ निर्माण और आटा चक्की जैसी इकाइयों की स्थापना की योजना बना रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकें न केवल जल संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आय दोगुनी करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।