आस्था एवं समृद्ध सांस्कृतिक लोक परंपराओं का प्रतीक है बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किया मेले का शुभारंभ
 
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
 
देहरादून/श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को श्रीनगर, पौड़ी में आयोजित बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले के शुभारंभ अवसर पर जनता को वर्चुअल संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर गढ़वाल में स्थित माँ धारी देवी और भगवान कमलेश्वर महादेव के पौराणिक मंदिर सम्पूर्ण उत्तराखंड की अनमोल धरोहर है। प्रत्येक वर्ष बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित होने वाला यह मेला आस्था एवं समृद्ध सांस्कृतिक लोक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा इस प्रकार के पारंपरिक मेले हमें हमारी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ा रही है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और कनेक्टिविटी सहित अनेकों क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश के विकास के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निमाण कार्य चल रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का कार्य तेजी के साथ चल रहा है। इस अवसर पर मेयर आरती भण्डारी, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
 

साइबर जागरूकता प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला के अवसर पर कमलेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की उत्कृष्ट व्यवस्था की। मेले में पौड़ी पुलिस द्वारा लगाई गई साइबर जागरूकता प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल भुगतान से जुड़ी सावधानियों की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *