मुख्यमंत्री ने निकलते ही छात्रसंघ समारोह में छात्र पर चाकू से हमला, गंभीर घायल

मुख्यमंत्री ने निकलते ही छात्रसंघ समारोह में छात्र पर चाकू से हमला, गंभीर घायल


देहरादून। देहरादून के डीएवी कॉलेज में शनिवार को आयोजित छात्रसंघ समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निकले के बाद युवक पर अचानक हुई हिंसक घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उत्सव का माहौल पलभर में दहशत में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12ः30 बजे की है। कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे और मंच के सामने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गीतों पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान काली शर्ट पहने एक युवक भीड़ में घुसा और नाच रहे एक छात्र पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में छात्र गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने हाथ पर चार गहरे घाव आए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र-छात्राएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घायल गौरव कुमार ने बताया कि वह कार्यक्रम में सामान्य रूप से डांस कर रहा था, तभी अचानक हमलावर ने उस पर वार कर दिया। गौरव मूल रूप से गजरौला का निवासी है और देहरादून में रहकर पढ़ाई कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और छात्रों में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *