दीपावली पर मिट्टी के दीये और लक्ष्मी-गणेश खरीदने की अपील

हरिद्वार। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने दीपावली पर्व पर कुम्हारों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और बर्तन खरीदने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’लोकल फ़ॉर वोकल’ के आह्वान को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।
डॉ. गर्ग ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति का सबसे बड़ा पारंपरिक पर्व है और परंपरागत वस्तुएं ही भारतीय संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से दीपावली पर पूजा-अर्चना के दौरान कुम्हारों के चाक पर बने मिट्टी के दीपक, बर्तन और प्रतिमाओं का उपयोग किया जाता रहा है, जिसे दोबारा बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आधुनिक सजावटी सामानों के साथ-साथ दीपावली पर मिट्टी के दीये और मिट्टी की बनी लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाओं को भी प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों और कुम्हारों को रोजगार मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। डॉ. गर्ग ने कहा कि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देना समय की मांग है और यह भारतीय संस्कृति के सम्मान का प्रतीक है।