केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों की समीक्षा कर प्रभारी मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

रूद्रप्रयाग। गणेश जोशी ने शनिवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि 20 अप्रैल 2026 तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा क्षेत्र को 3 सुपर जोन, 17 जोन और 47 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीएपीएफ और फायर सर्विस की टीमें तैनात की जाएंगी। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अलग जोन बनाए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में चल रहे सड़क सुधार कार्यों की समीक्षा की और पैचवर्क, डामरीकरण, क्रैश बैरियर एवं साइनेज कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। गौरीकुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, रैन शेल्टर, घोड़ा-खच्चर संचालन और आपात सेवाओं की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में डॉक्टरों और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, शौचालय, कूड़ा प्रबंधन और महिला सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में बताया गया कि अब तक 4.50 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। मंत्री ने कहा कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।