आखिर क्यों अंकिता हत्याकांड में वीआईपी का नाम छुपा रही है धामी सरकार: करन महरा

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं, युवाओं और जनता के साथ मिलकर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने हेतु एक विशाल न्याय यात्रा में हिस्सा लिया। माहरा ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनता के धैर्य और सरकार पर गहरे अविश्वास का प्रतीक है। हर नारा और कदम यह दर्शाता है कि प्रदेश की जनता अब आधे-अधूरे न्याय को स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह ‘वीआईपी’ कौन है, जिसे बचाने के लिए अंकिता को न्याय नहीं मिल पाया। भाजपा के पूर्व विधायक और मंत्री का वायरल ऑडियो इस बात की पुष्टि करता है, लेकिन सरकार आंखों पर पट्टी बांधकर क्यों बैठी है। श्री माहरा ने चेताया कि सरकार सीबीआई जांच से बचने का प्रयास कर रही है, जबकि बुलडोज़र द्वारा सबूत मिटाने, अधिकारियों के बदलते बयान और वायरल ऑडियो से उसकी नीयत पर सवाल खड़े होते हैं।
यह मामला केवल अंकिता तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा, न्याय व्यवस्था और राज्य के मूल उद्देश्य का प्रश्न है। श्री माहरा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और जनता की मांग है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए, वीआईपी का नाम सार्वजनिक किया जाए और दोषियों को राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर सज़ा दी जाए। इस अवसर पर सल्ट विधानसभा की महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी न्याय यात्रा में शामिल होकर अंकिता भंडारी के लिए न्याय की मांग में एकजुट हुए।

हरिद्वार में कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, सीबीआई जांच की मांग
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड और वीआईपी प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर हमला तेज कर दिया है। रविवार को कांग्रेस ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर हरिद्वार में बड़ा पैदल मार्च निकाला। विरोध प्रदर्शन में पूर्व सीएम हरीश रावत भी शामिल हुए। हरीश रावत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि क्या सरकार एक नारी के सम्मान की रक्षा नहीं कर सकती।
शिव मूर्ति चौक से हर की पैड़ी तक निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाईकोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की। इस न्याय यात्रा में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक रामयश सिंह, लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, वरिष्ठ नेता संजय पालीवाल, प्रदीप चौधरी, महिला जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।