48 साल बाद पौड़ी को मिली महिला जिलाधिकारी, कलेक्ट्रेट में विभिन्न पटलों का किया निरीक्षण

48 साल बाद पौड़ी को मिली महिला जिलाधिकारी, कलेक्ट्रेट में विभिन्न पटलों का किया निरीक्षण

 

DESK THE CITY NEWS

पौड़ी। नवनियुक्त जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को पहले ही दिन कलेक्ट्रेट कार्यालय में पहुंचकर विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयीय कार्य प्रणाली में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कहा कि पंजिकाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं और पत्राचार अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली से ही किया जाए।
गौरतलब है कि जनपद को 48 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर महिला जिलाधिकारी मिली हैं। वर्ष 1976-77 में ज्योति पांडे जिले की पहली महिला डीएम बनी थीं। अब स्वाति एस.भदौरिया के रूप में पौड़ी को दूसरी महिला जिलाधिकारी मिली हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि बिना पूर्व अनुमति कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि जो भी कार्मिक अवकाश या फील्ड ड्यूटी पर हों उनकी जानकारी प्रतिदिन उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी फाइलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, भूमि अभिलेख, सूचना का अधिकार पटल, प्राधिकरण अनुभाग सहित अन्य अनुभागों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, उपजिलाधिकारी लेंसडाउन शालिनी मौर्य, उपजिलाधिकारी यमकेश्वर अनिल चन्याल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अजीत रावत, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

कंडोलिया और क्यूंकालेश्वर मंदिर में की पूजा

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने सोमवार को प्रसिद्ध कंडोलिया ठाकुर मंदिर और प्राचीन क्यूंकालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। कलेक्ट्रेट परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि जनपद के समग्र विकास और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को वे अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकता बनाएंगी। जिलाधिकारी भदौरिया ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, प्रशासन में पारदर्शिता,कार्यों की गति और सभी विभागों के साथ समन्वय बनाते हुये प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *