अवैध रिफिलिंग पर कार्रवाई, 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसी क्रम में रावली महदूद क्षेत्र में छापेमारी कर 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए और एक वाहन भी सीज किया गया।
जिला पूर्ति विभाग हरिद्वार की टीम ने पूर्ति निरीक्षकों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि घरेलू गैस की कालाबाजारी, घटतौली और अवैध भंडारण पर रोक लगाई जा सके। कार्रवाई में पूर्ति निरीक्षक प्रकाश फर्त्याल, अरुण सैनी तथा थाना सिडकुल पुलिस की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।