ट्रैक्टर लगाकर रोका रास्ता, लाठी-सरियों से पीटकर किया घायल
मुकदमा संख्या 147/2026 में गवाही देने की रंजिश का आरोप, चौधरी वीरेंद्र कुमार को बार-बार गवाही बदलने के लिए बनाया जा रहा था दबाव; खेत पर जाते समय चार लोगों ने किया हमला, गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / आनंद कश्यप,
हरिद्वार/बहादराबाद। क्षेत्र के भारापुर गांव में गवाही बदलने का दबाव बनाने और कथित तौर पर गवाही देने से रोकने की रंजिश में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुकदमा संख्या 147/2026 में गवाही गवाह चौधरी वीरेंद्र कुमार को पहले बार-बार गवाही बदलने के लिए दबाव बनाया गया। इसके बाद कथित षड्यंत्र के तहत खेत पर जाते समय रास्ते में ट्रैक्टर रोक लिया गया और लाठी-सरियों से हमला कर घायल कर दिया गया। मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, भारापुर गांव निवासी चौधरी वीरेंद्र कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह अपने बेटे के साथ खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के चरण सिंह और उसके बेटों विक्की व बीनू राजेश पति चरण सिंह ने कथित तौर पर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-सरियों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में वीरेंद्र कुमार घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मुकदमा संख्या 147/2026 में गवाही देने को लेकर उन्हें लगातार दबाव का सामना करना पड़ रहा था। आरोप है कि उनसे बार-बार गवाही बदलने के लिए कहा जा रहा था और गवाही देने जाने से रोकने का प्रयास किया जा रहा था। इसी रंजिश के चलते खेत पर जाते समय उनका रास्ता रोककर हमला किया गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया।
घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चरण सिंह और उसके वीनू विक्की चरण सिंह राजेश चरण सिंह के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।