लक्सर विधानसभा सीट से एड. रोहित कुमार ने ठोकी ताल, चुनावी दावेदारी से सियासी हलचल तेज
लक्सर। लक्सर विधानसभा सीट पर चुनावी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। टांडा महतोली गांव स्थित रविदास मंदिर परिसर में आयोजित ग्रामीणों की बैठक में एडवोकेट रोहित कुमार ने विधानसभा लक्सर-34 से चुनाव लड़ने का ऐलान कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई राजनीतिक पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे, अन्यथा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे।
एडवोकेट रोहित कुमार ने कहा कि उनके समाज ने हमेशा सभी समाजों के लोगों को अपना वोट और समर्थन दिया है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि इस बार सभी समाजों के लोग भी उनका साथ देंगे और उन्हें अपना समर्थन देकर विधानसभा तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में जो कार्य नहीं हो सके, अब उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। समाज का सम्मान बढ़ाना, क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि राजनीति में नई सोच और नए विचार के साथ बदलाव लाने की जरूरत है। उनका प्रयास रहेगा कि समाज के सम्मान के साथ क्षेत्र का विकास हो और जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाए। इस दौरान उन्होंने अपना संदेश देते हुए कहा, “नई सोच, नया विचार, जनहित का हो उद्धार।”