हरिद्वार सिडकुल में ग्रीन बेल्ट पर वाहन पार्किंग का मामला गरमाया

शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर अधिकारियों की भूमिका सवालों के घेरे में
 
 
शिकायत के बाद भी नहीं हटा पार्किंग का कब्जा ! उच्च अधिकारियों तक पहुंचा मामला
 
कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार विभाग की भूमिका पर उठ रहे सवाल
 
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / राजकुमार,
 
हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल के सेक्टर-12 में ग्रीन बेल्ट की भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर वाहन पार्किंग बनाए जाने का मामला सामने आया है। मौके की तस्वीरों में बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन ग्रीन बेल्ट के भीतर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस मामले को लेकर संबंधित विभाग में लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की गंभीरता इस बात से समझी जा सकती है कि शिकायतकर्ता द्वारा संबंधित अधिकारियों को लिखित रूप में पूरे प्रकरण से अवगत कराया जा चुका है। इतना ही नहीं, उच्च अधिकारियों तक भी मामले की जानकारी पहुंचाई जा चुकी है। इसके बावजूद यदि मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है तो आखिर जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस भूमि को ग्रीन बेल्ट के रूप में सुरक्षित रखा जाना चाहिए, वहां वाहन पार्किंग संचालित करने की अनुमति किस विभाग या अधिकारी ने दी है? क्या कंपनी प्रबंधन के पास इसके लिए कोई वैध अनुमति है या फिर बिना अनुमति के ही ग्रीन बेल्ट की भूमि का इस्तेमाल पार्किंग के रूप में किया जा रहा है?
शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से संबंधित विभाग के अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर ही हो सकेगी।
 
अब उठ रहे हैं ये अहम सवाल
 
▪ग्रीन बेल्ट की भूमि पर पार्किंग बनाने की अनुमति किसने दी?
▪क्या संबंधित कंपनी के पास पार्किंग संचालन के वैध दस्तावेज हैं?
▪शिकायत मिलने के बाद विभाग ने क्या जांच की?
▪उच्च अधिकारियों को जानकारी मिलने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
▪क्या संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी?
 
उच्च स्तरीय जांच की मांग
 
अब जरूरत है कि संबंधित विभाग के उच्चाधिकारी पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए भूमि के अभिलेखों, स्वीकृत नक्शे, पार्किंग की अनुमति और मौके की वास्तविक स्थिति की निष्पक्ष जांच कराएं। यदि ग्रीन बेल्ट की भूमि का अनधिकृत इस्तेमाल पाया जाता है तो नियमानुसार जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सिडकुल की ग्रीन बेल्ट आखिर किसकी जिम्मेदारी है? शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होना महज विभागीय लापरवाही है या इसके पीछे कोई और वजह है? यह जांच का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *