दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, पांच नमूने लिए

हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में मिष्ठान निर्माण इकाइयों और डेयरी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पांच खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए और दो निर्माण इकाइयों को नोटिस जारी किए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने ज्वालापुर स्थित किसान डेयरी से घी और गाय के दूध के नमूने लिए। ईदगाह रोड स्थित पेठा निर्माण इकाई से पेठा तथा डांट मोहल्ला स्थित बताशा एवं खिलौना निर्माण इकाई से बताशा और खिलौना के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान दोनों निर्माण इकाइयों के संचालक पेयजल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल सहित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग ने सात दिन में दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
बिना वैध लाइसेंस चल रही जय आदर्श बेकरी के निर्माण और बिक्री पर रोक
हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को सराय रोड स्थित दो बेकरी निर्माण इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने दोनों इकाइयों में खाद्य उत्पादों के निर्माण और संग्रह पर रोक लगा दी। साथ ही चार खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
जय आदर्श बेकरी का खाद्य लाइसेंस 25 नवंबर 2025 को समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वहां निर्माण और बिक्री जारी थी। उत्पादों पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि का उल्लेख नहीं था। परिसर में गंदगी मिलने के साथ संचालक पेयजल जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र सहित जरूरी दस्तावेज भी नहीं दिखा सका। विभाग ने लाइसेंस नवीनीकरण और मानकों का पालन होने तक निर्माण, संग्रह एवं बिक्री पर रोक लगा दी। यहां से खुले रस्क और मैदा के नमूने लिए गए। वहीं, आदर्श बेकरी में वेज और नॉनवेज उत्पाद एक ही ओवन में बनाए जा रहे थे। दोनों के लिए अलग-अलग निर्माण व्यवस्था नहीं थी। रिटेलर लाइसेंस पर निर्माण और रीलेबलर गतिविधियां भी संचालित की जा रही थीं। इस पर विभाग ने 400 ग्राम के 56 पैकेट नॉनवेज रस्क मौके पर नष्ट कराए। यहां से नॉनवेज केक रस्क और सूजी रस्क के नमूने लिए गए। विभाग ने दोनों इकाइयों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 10 नमूने लिए
उत्तरकाशी। दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर टीम ने काली कमली मार्केट, मातली, ज्ञानसू और जोशियाड़ा में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर का एक, खाद्य तेल का एक और मिठाई के आठ नमूनों सहित कुल 10 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। सभी नमूने प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा अश्वनी सिंह ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत सिंह चौहान मौजूद रहे।