भव्य शोभायात्रा के साथ धूमधाम से मनाई गई महर्षि वाल्मीकि जयंती

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो
रानीखेत। पर्यटन नगरी रानीखेत में महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें बैंड-बाजों आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों सुभाष चौक, गांधी चौक, सदर बाजार, रोडवेज और जरूरी बाजार से होते हुए निकली। यात्रा के दौरान सजी झांकियां, भगवान शिव का तांडव, शिव-पार्वती नृत्य नाटिका और राधा-कृष्ण का मनमोहक नृत्य मुख्य आकर्षण रहे। इसके अलावा पांडा और चिंपाजी ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल और उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व ब्लाक प्रमुख हीरा सिंह रावत ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने वाल्मीकि मंदिर पहुंचकर महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा के समक्ष शीश नवाया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनके विचार संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो हमें ज्ञान, सदाचार और समानता के मार्ग पर चलने की शिक्षा देते हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा व पूर्व प्रमुख हीरा सिंह रावत को वाल्मीकि समाज के लोगों द्वारा पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को प्रासंगिक बताते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर रोहित राजोरिया, धीरज महरोलिया, जगदीश मनोठिया, मोहित राजोरिया, अगस्त लाल साह, कुलदीप कुमार, रूद्र प्रताप माहरा सहित सैकड़ों लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ललित मेहरा, संदीप गोयल, जगदीश, हरीश, नितिन, भूपेंद्र और नीरज सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।